कैमूर में प्रेम प्रसंग बना मौत का कारण: शादी तय होने के बाद भी दहेज विवाद से बिगड़े रिश्ते, प्रेमिका की हत्या कर पेड़ पर लटकाया

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गांगोडीह गाँव में प्रेम प्रसंग एक दर्दनाक मोड़ पर पहुँच गया, जब एक युवती की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने युवती के प्रेमी और उसके परिवार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान ज्योति के रूप में हुई है, जो गांव के ही बड़ाऊ बिंद से डेढ़ साल से प्रेम संबंध में थी। दोनों एक ही जाति के थे, हालांकि गांव अलग-अलग थे। परिवार की सहमति से उनकी शादी तय कर दी गई थी और शादी की तारीख 23 मई 2026 भी निश्चित की जा चुकी थी। लग्नपत्री बन चुकी थी, लेकिन दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया।
दहेज में बड़ी रकम की मांग ने तोड़ दी रिश्ते की डोर
परिजनों के अनुसार, लड़के के परिवार द्वारा मोटी रकम दहेज में मांगने के कारण दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया और रिश्ता टूटने की स्थिति बन गई। बताया जाता है कि युवक ने खुद ही लग्नपत्री मंगवाकर फाड़ दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में मनमुटाव बढ़ गया। इसके बावजूद युवक और युवती का बातचीत करना जारी रहा।
सुबह 4 बजे प्रेमी ने बुलाया घर, दो घंटे बाद मिली मौत की खबर
बुधवार की सुबह लगभग 4 बजे युवक ने ज्योति को अपने घर बुलाया। घरवालों ने जब सुबह युवती को घर में नहीं पाया, तो खोजबीन शुरू की। करीब 6 बजे उन्हें पता चला कि ज्योति गांगोडीह स्थित युवक के घर गई है। परिजन वहाँ पहुँचे और युवती से पूछताछ की। ज्योति ने स्पष्ट कहा कि वह लड़के से शादी करना चाहती है और अब उसी के घर में रहेगी।
परिजन उसे समझाकर घर लौट आए, लेकिन महज दो घंटे बाद उन्हें सूचना मिली कि ज्योति की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया गया है। मौके पर पहुँचने पर ज्योति का शव पेड़ से लटका मिला और गले में फंदा बंधा था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर भभुआ सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
परिजनों ने प्रेमी और उसके परिवार पर लगाया हत्या का आरोप
ज्योति के परिजन युवक और उसके पूरे परिवार पर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि अभी तक परिजनों ने औपचारिक लिखित शिकायत थाने में नहीं दी है।
एसपी ने कहा— मामले की जांच जारी
कैमूर एसपी हरि मोहन शुक्ला ने फोन पर बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।