पुरानी रंजिश में युवक को मारी गोली, घायल ने छीना कट्टा; आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहुली गांव में बुधवार दोपहर एक बार फिर पुरानी रंजिश का मामला सामने आया। आरोप है कि स्थानीय निवासी अमित यादव, पिता ओम प्रकाश यादव, ने पूर्व विवाद को लेकर गोपाल कुमार सिंह (पिता – शशिनाथ सिंह), निवासी भोपतपुर भिट्टी पंचायत, को गोली मार दी। घटना में गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
गौर करने वाली बात यह है कि घायल अवस्था में भी गोपाल ने आरोपी से कट्टा छीन लिया, जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। इसके बाद घायल को इलाज के लिए भेजा गया, जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार और डीआईओ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
डीएसपी प्रदीप कुमार के अनुसार, “घटना पुरानी रंजिश की देन है। तीन–चार दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उसी रंजिश को लेकर आज गोली चलाई गई। आरोपी अमित यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह जेल भी जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।” पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में आगे की कार्रवाई तेजी से की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।