कैमूर डीएम ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को किया रवाना, 31 जनवरी तक चलेगा अभियान, सड़क हादसों में कमी लाने का लक्ष्य

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत कैमूर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। बुधवार को कैमूर के जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (एडीएम) ओमप्रकाश मंडल, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) रवि रंजन, सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी (एडीटीओ) आलोक कुमार सिंह, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) सहित परिवहन विभाग के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
जागरूकता रथ 31 जनवरी तक जिले के सभी प्रखंडों, प्रमुख सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों की बहुमूल्य जान बचाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीटीओ रवि रंजन ने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने मोटरसाइकिल चालकों से हेलमेट पहनने, कार चालकों से सीट बेल्ट लगाने और सभी वाहन चालकों से मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने कहा कि कैमूर जिले में हाल के वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या चिंताजनक रही है। ऐसे में यह जागरूकता अभियान बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है और अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
अभियान के तहत पोस्टर, स्लोगन, नुक्कड़ नाटक और मोबाइल वैन के माध्यम से लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जाएगा। जागरूकता रथ एक मोबाइल वैन के रूप में कार्य करेगा, जिसमें विशेषज्ञों द्वारा लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में सलाह दी जाएगी।
परिवहन विभाग ने आमजन से इस अभियान में सहयोग की अपील की है। जिला प्रशासन का मानना है कि प्रशासन और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से सड़कें सुरक्षित बन सकती हैं। सभी से आग्रह किया गया है कि वे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन न करें और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें।