विधायक शुभानंद मुकेश ने स्वास्थ्य सेवाओं, बस पड़ाव, सौंदर्यीकरण और ब्लड बैंक स्थापना की उठाई मांग

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर/पटना
कहलगांव के विधायक शुभानंद मुकेश ने बिहार विधानसभा में क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, आधारभूत संरचना की कमी, धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से अनुग्रह अनुदान राशि दिलाने की मांग की।
PHC कहलगाँव की बदहाल स्थिति पर सरकार से जवाब
तारांकित प्रश्न के माध्यम से विधायक ने कहा कि कहलगाँव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को अनुमंडल अस्पताल बनने के बाद उपेक्षित कर दिया गया है। यहाँ पूर्व में उपलब्ध प्रसव सुविधा, ब्लड टेस्ट, एक्स-रे एवं बेड जैसी मूलभूत सेवाएँ बंद हो चुकी हैं। इससे नगर पंचायत के 17 वार्डों की जनता, विशेषकर वृद्धजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन सेवाओं की शीघ्र पुनर्बहाली की मांग की।
एक अन्य प्रश्न में उन्होंने बताया कि PHC का भवन अत्यंत जर्जर हो चुका है। वर्षा के दौरान छत से पानी टपकता है और कभी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने भवन के जीर्णोद्धार या नए भवन निर्माण की ठोस योजना पर सरकार से स्पष्ट जवाब माँगा।
गोराडीह में अंतरराज्यीय बस पड़ाव की जरूरत
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से विधायक ने गोराडीह में अंतरराज्यीय बस पड़ाव के निर्माण की आवश्यकता रेखांकित की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र महत्वपूर्ण यातायात केंद्र बन चुका है, किंतु बस पड़ाव के अभाव में यात्रियों को असुविधा एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।
बैजलपुर शीतलास्थान–सह–छठ पोखर के सौंदर्यीकरण की मांग
उन्होंने गोराडीह प्रखंड के बैजलपुर स्थित शीतलास्थान–सह–छठ पोखर के सौंदर्यीकरण हेतु याचिका प्रस्तुत की। घाट निर्माण, समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
अनुमंडल अस्पताल में ब्लड बैंक स्थापना का मुद्दा
शून्यकाल में विधायक ने अनुमंडल अस्पताल, कहलगाँव में ब्लड बैंक की स्थापना की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध न होने से मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है।
कोविड मृतक कर्मी के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान की मांग
विधायक ने भागलपुर जिला अंतर्गत सन्हौला प्रखंड के ग्राम धुआवे निवासी स्वर्गीय रवि शंकर सिंह के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि दिलाने की मांग भी सदन में उठाई। उन्होंने बताया कि स्व. सिंह, जो बिहार विधान सभा सचिवालय में कार्यरत थे, का निधन 19 अप्रैल 2021 को कोरोना संक्रमण के कारण हुआ था। कोविड-19 जांच 16 अप्रैल 2021 को पॉजिटिव पाई गई थी।
विधायक ने कहा कि घटना के पाँच वर्ष बीत जाने के बावजूद आश्रितों को अब तक अनुग्रह राशि प्राप्त नहीं हुई है, जबकि इस संबंध में कई बार अनुरोध किया जा चुका है। उन्होंने सरकार से मानवीय संवेदनाओं के आधार पर अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा
विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाते रहेंगे और समाधान होने तक संघर्ष जारी रखेंगे।