न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, जगदीशपुर
संत कबीर मिशन भागलपुर के तत्वाधान में रविवार को नयाचक मखना गांव में “आज माता-पिता द्वारा निर्धारित शादी एवं प्रेम विवाह के असफल होने के कारण एवं सफलता के उपाय” विषय पर एक भव्य संगोष्ठी आयोजित की गई।
संस्था के संस्थापक विनय कुमार कबीर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से विद्वान, शिक्षाविद, साहित्यकार और कलाकार उपस्थित रहे। मंच संचालन डिनर कबीरा ने किया। वरिष्ठ सदस्य कामता प्रसाद, महेंद्र निशाकर, कपिल देव ठाकुर, एडवोकेट विचिंत कुमार, अजीत शांत, धीरज पंडित, डॉ. विष्णुदेव सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
संस्थापक विनय कबीरा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल समस्याओं को उजागर करना नहीं, बल्कि समाधान और दिशा-निर्देश भी देना है। उन्होंने बताया कि विवाह संस्था आज अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है। प्रेम विवाह में सामाजिक असहमति, अहंकार और परंपराओं का टकराव संबंधों को असफल कर सकता है। माता-पिता द्वारा तय विवाह भी हर बार सफल नहीं होते, जो समाज के लिए चिंता का विषय है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सफल विवाह के लिए परस्पर सम्मान, संवाद और धैर्य आवश्यक है। महेंद्र निशाकर ने कहा कि अहंकार को छोड़कर संतोष अपनाना जीवन सफल बनाता है। कपिल देव ठाकुर ने युवाओं को अपनी पसंद और निर्णय लेने की स्वतंत्रता के साथ-साथ परिवार और समाज की परंपराओं का सम्मान करने की सलाह दी।
संगोष्ठी में कलाकारों ने गीत, ग़ज़ल और कविताओं के माध्यम से विवाह संस्था की महत्ता और चुनौतियों को अभिव्यक्त किया। अंत में शिक्षक अभय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि पूरे समाज के संतुलन और गतिशीलता का आधार है। संत कबीर मिशन के सदस्यों ने भी अपनी अभिव्यक्तियां दीं और समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


























