झामुमो के सेवा शिविर का विधायक मथुरा महतो ने किया उदघाटन

देवघर । कांवरिया रुट लाइन स्थित परिणय वाटिका में झामुमो के कांवरिया सेवा शिविर का उदघाटन टुंडी के विधायक व विधानसभा में झामुमो के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने किया। इस दौरान शिविर के संचालक झामुमो नेता समाजसेवी सूरज झा ने विधायक को देवघर की पारंपरिक रेशम अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। इस दौरान झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी भी मौजूद थे। मौके पर विधायक मथुरा महतो ने कहा कि यह शिविर हमारे नेता मरहूम हाजी हुसैन अंसारी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में श्रद्धालुओं को कई प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि हाजी साहब पूरे समाज को एक साथ लेकर चलने का काम करते थे। यह शिविर उनकी एक सोच का प्रमाण है। शिविर संचालक सूरज झा और उनकी टीम श्रद्धालुओं व कांवरियों की सेवा में तत्पर है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होगी। इस दौरान सरोज सिंह, अजय नारायण मिश्रा, श्यामाकांत झा समेत दर्जनों झामुमो नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। मथुरा महतो ने सूरज झा की तारीफ करते हुए कहा कि जब से सूरज झा संगठन से संलग्न हुए हैं, तब से बहुत तरह के सामाजिक काम किया जा रहा है। यह एक अच्छा प्रयास और शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि यह शिविर श्रद्धालुओं के लिए बहुत कारगर साबित होगा।

हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल है शिविर : सूरज झा

शिविर के संचालक झामुमो नेता सूरज झा ने कहा कि इस शिविर को हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रमाण कहा जाता है। चूंकि हाजी साहब को देवघर और खासकार श्रावणी मेला से बहुत जुड़ाव था इसलिए इस शिविर के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शिविर में श्रद्धालुओं को भोजन, चाय, नींबू पानी के साथ साथ विश्राम की भी सुविधा है। किसी भी सेवा के लिए कोई शुल्क नहीं है।