न्यूज स्कैन ब्यूरो, देवघर
भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आज देवघर आ रही हैं। अपराह्न 3 से 4 बजे तक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर में राष्ट्रपति 48 छात्र-छात्राओं को एमबीबीएस की डिग्रियां बाटेंगी। हवाई मार्ग से राष्ट्रपति दोपहर में देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां सूबे के राज्यपाल, स्वास्थ्य मंत्री, डीसी-एसपी राष्ट्रपति का स्वागत करेंगी।

राष्ट्रपति की अगुवाई करने के लिए राज्यपाल रेल मार्ग से पहुंचे देवघर
राष्ट्रपति की अगुवाई करने के लिए राज्यपाल संतोष गंगवार रेल मार्ग से गुरुवार सुबह में ही देवघर पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति देवीपुर एम्स जाएंगी, जहां पहले दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर एम्स प्रबंधन और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व विधि व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियों को लेकर देवघर एयरपोर्ट से निर्धारित रूट होते हुए एम्स तक मॉक ड्रिल किया गया। ट्रायल कॉरकेड की सुरक्षा के दौरान निर्धारित रूट लाइन पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। राष्ट्रपति के कॉरकेड में प्रोटोकॉल के अनुरूप वाहन होंगे। इसमें वार्निग कार के साथ-साथ स्टेट प्रोटोकॉल की टीम की कार, एंबुलेंस, बैगेज वैन सहित टेल कार होगा। इन सभी वाहनों का एमवीआई जांच एवं एंटी सेबोटॉज जांच करवाकर पुलिस बलों के साथ सुरक्षा घेरे में रखा रहेगा। साथ ही राष्ट्रपति का ब्लड ग्रुप भी एंबुलेंस में उपलब्ध रहेगा। एंबुलेंस वाहन में चिकित्सा दल, आवश्यक उपकरण और जीवन रक्षक दवाइयां होंगी। साथ ही शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को देखते हुए दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल प्रतिनियुक्ति की गई है।

वरीय अधिकारियों ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा
उधर राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल, आईजी अखिलेश कुमार झा, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, व एसपी अजित पीटर डुंगडुंग ने एम्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान एम्स के पहले दीक्षांत समारोह को लेकर की जाने वाली तैयारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। साथ ही दीक्षांत समारोह के स्थल, सीटिंग अरेजमेंट, पार्किंग, जन प्रवेश, आपातकालीन सेवाओं और बिजली आपूर्ति की निर्बाध व्यवस्था, स्टेज मैनेजमेंट के अलावा एम्स परिसर और रुटलाइन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जाने वाले कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर, एम्स निदेशक, जिला नजारत उपसमाहर्ता, गोपनीय प्रभारी, डीएमएफटी की टीम व संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।



























