झामुमो के सेवा शिविर में कांवरियों के बीच हलवा का वितरण

देवघर। कांवरिया पथ खिजुरिया में झारखंड मुक्ति मोर्चा के सेवा शिविर में रविवार शाम को श्रद्धालुओं के बीच हलवा का वितरण किया गया। मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता परिमल सिंह उर्फ भूपेन सिंह, जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, केंद्रीय नेता सुरेश साह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, मनोज दास, लड्डू नरौने, जयकांत मंडल, महिला नेत्री नीलम देवी समेत कई नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे। करीब एक हजार कांवरियों के बीच हलवा का वितरण कर उन्हें शीतल जल पिलाया गया। भूपेन सिंह ने बताया कि झामुमो परिवार की ओर से हर साल सावन में शिविर लगाकर कांवरियों की सेवा की जाती है। हर रविवार को शिविर में विभिन्न प्रकार के भोग का वितरण किया जाता है। शिविर में एक माह तक श्रद्धालुओं के लिए सेवा की जाती है। वहीं जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि इस बार श्रावणी मेले में राज्य सरकार की ओर से श्रद्धालुओं के लिए उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है। देवघर जिला प्रशासन कांवरियों को हर संभव सुविधा प्रदान कर रही है। वहीं झामुमो परिवार पिछले कई सालों से कांवरियों की सेवा करती आ रही है। वरिष्ठ नेता सुरेश साह ने बताया कि झामुमो के सेवा शिविर में कांवरियों के आवासन, प्राथमिक उपचार, खोया-पाया की सूचना, चाय, शर्बत, नींबू-पानी, शिकंजी, हलवा आदि का नि:शुल्क वितरण किया जाता है। महानगर अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने बताया कि यह हमलोगों के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि एक माह तक देवतुल्य कांवरियों की सेवा करने का मौका मिलता है। क्योंकि कांवरियों की सेवा शिव की शिव के सेवा के समतुल्य है।