- एनडीए के खिलाफ साजिश रचने वालों को तत्काल निष्कासित करने का अल्टीमेटम
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में जनता दल (यूनाइटेड) के भीतर चल रही पार्टी विरोधी गतिविधियों का विस्फोटक खुलासा हुआ है। एनडीए के घटक दल लोजपा के नाथनगर विधायक मिथुन कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ स्वार्थी और सत्ता-लोलुप चेहरे पार्टी का झंडा ओढ़कर विरोधियों की सेवा करते रहे, जिससे संगठन को गंभीर नुकसान पहुंचा।
विधायक ने इसे सिर्फ अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि खुला राजनीतिक विश्वासघात करार देते हुए कहा कि ऐसे लोग जेडीयू के नाम पर भ्रम फैलाकर जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत पर पानी फेरते रहे।
अंदर रहकर दुश्मनों को मजबूत किया
मिथुन कुमार ने कहा कि एनडीए गठबंधन ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा और जनता ने सरकार बनाने का जनादेश दिया, लेकिन नाथनगर में कुछ नेता भीतरघात में जुटे रहे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि ऐसे लोगों पर अब भी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह पार्टी की रीढ़ तोड़ने जैसा होगा।
पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त नामचीन चेहरे
विधायक ने जिन लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उनमें कई पूर्व पदाधिकारी और संगठन के जिम्मेदार चेहरे शामिल हैं।

अजय कुमार राय — पूर्व राजनीतिक सलाहकार (जेडीयू), जिन्होंने जन सुराज पार्टी से चुनाव लड़ा और आज भी जेडीयू का झंडा लगाकर भ्रम फैलाते रहे।
जयप्रकाश मंडल — पूर्व महासचिव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, निर्दलीय प्रत्याशी बने।
धनंजय मंडल — पूर्व राज्य उपाध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त।
सीपू मंडल — जन सुराज प्रत्याशी अजय राय के लिए खुली मदद।
अरविंद कुमार मंडल — पूर्व विधानसभा प्रभारी, नाथनगर, जिन्होंने जन सुराज प्रत्याशी को समर्थन दिया।
शिशुपाल भारती — पूर्व प्रवक्ता, जेडीयू, जिन्होंने राजद प्रत्याशी का खुला समर्थन किया।
गुरुदेव मंडल — ब्लॉक अध्यक्ष, जगदीशपुर।
बृजेश सिंह — ब्लॉक अध्यक्ष, सबौर।
“ऐसे लोग पार्टी में रहे तो संगठन बर्बाद हो जाएगा”
विधायक मिथुन कुमार ने दो टूक कहा कि ऐसे तत्वों की पार्टी में मौजूदगी घातक है और यह संगठन की अनुशासनात्मक संरचना को कमजोर कर रही है।
प्रदेश नेतृत्व से सीधी मांग
विधायक ने जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से मांग की है कि सभी पार्टी विरोधी तत्वों को तत्काल जेडीयू से निष्कासित किया जाए। इनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए,
ताकि पार्टी की विचारधारा, कार्यकर्ताओं का सम्मान और एनडीए की मजबूती बनी रहे।
नाथनगर में सियासी भूचाल तय
इस आक्रामक बयान के बाद नाथनगर की राजनीति में भूचाल तय माना जा रहा है। अब निगाहें प्रदेश नेतृत्व पर टिकी हैं कि क्या पार्टी भीतरघातियों पर सच में सख्त प्रहार करेगी या मामला फाइलों में दबा दिया जाएगा।




























