न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती सोमवार को भभुआ शहर स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूर्व परिवहन मंत्री संतोष निराला, करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह समेत सैकड़ों जदयू कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री संतोष निराला ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर की जयंती पूरे बिहार में संगठनात्मक स्तर पर मनाती है। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर के अधूरे सपनों को साकार करने का कार्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं।
संतोष निराला ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग को न्याय मिला है। पिछड़े, अति पिछड़े और दलित वर्गों के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। समान अवसर, आरक्षण और समावेशी विकास की नीति के कारण बिहार ने 2005 के बाद नई दिशा पकड़ी है। मुख्यमंत्री की ऊर्जा और समर्पण से राज्य निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
वहीं करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने जाति और परिवार की सीमाओं से ऊपर उठकर बिहार के समग्र विकास के लिए काम किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सभी वर्गों को साथ लेकर समाज को मुख्यधारा में जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर्पूरी ठाकुर के विचारों और सपनों को धरातल पर उतार रहे हैं।
विधायक वशिष्ठ सिंह ने जदयू कार्यकर्ताओं से बिहार के विकास, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मानजनक स्थान दिलाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कर्पूरी ठाकुर जयंती पर भभुआ में जदयू नेताओं का जमावड़ा: पूर्व मंत्री संतोष निराला व विधायक वशिष्ठ सिंह ने किया पुष्प अर्पित, नीतीश कुमार को बताया विकास पुरुष



























