जदयू ने 2025–2028 सदस्यता अभियान की शुरुआत की, भागलपुर प्रतिनिधिमंडल ने कराया नवीनीकरण

  • पटना कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना/भागलपुर
जनता दल यूनाइटेड ने शनिवार को वर्ष 2025 से 2028 की अवधि के लिए अपने सदस्यता अभियान का औपचारिक शुभारंभ पटना स्थित प्रदेश जदयू मुख्यालय में किया। अभियान की शुरुआत पार्टी नेतृत्व ने संगठन को अधिक सशक्त, संगठित और बूथ स्तर तक मजबूत करने के संकल्प के साथ की।
कार्यक्रम में भागलपुर जिले से पहुंचे कार्यकारी जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, राजनीतिक सलाहकार समिति सदस्य सुड्डू साई तथा जदयू नेता राकेश कुमार ओझा ने अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराया। इन सभी नेताओं ने प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी चंदन सिंह के हाथों से 2025–2028 की सदस्यता पर्ची प्राप्त की।
प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि यह सदस्यता अभियान संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ें और पार्टी के जनाधार को मजबूत बनाएं।
भागलपुर से आए प्रतिनिधियों ने कहा कि जदयू की विचारधारा, सुशासन का मॉडल और राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुंचाना ही इस अभियान की मुख्य सोच है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सदस्यता अभियान को गांव-गांव और हर पंचायत तक ले जाकर संगठन को नए आयाम दिए जाएंगे।
जदयू का यह जिला स्तरीय प्रतिनिधिमंडल संगठन को आने वाले समय में और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ पटना से रवाना हुआ।