जदयू नेता राकेश ओझा को मिली जान से मारने की धमकी पर जिला जदयू ने की निंदा

  • उच्चस्तरीय जांच व कठोर कार्रवाई की मांग

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जदयू नेता राकेश कुमार ओझा को अज्ञात फोन नंबर से मिली जान से मारने की धमकी को लेकर जिला जदयू ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन ने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए जिला प्रशासन से तत्काल उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
जदयू के जिला कार्यकारी अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि राकेश ओझा पार्टी के समर्पित, ईमानदार और सक्रिय नेता हैं। वे लंबे समय तक जिला जदयू के प्रवक्ता रहे हैं तथा प्रदेश स्तर पर भी विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। युवा जदयू के राष्ट्रीय सचिव के रूप में भी उन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। गुप्ता ने कहा कि इस तरह की धमकियाँ न सिर्फ व्यक्तिगत सुरक्षा पर हमला हैं, बल्कि संगठन की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी चोट करती हैं।
घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग करने वालों में जिला जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सोनी कुमारी, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजीव चंद्रवंशी, शाहकुंड प्रखंड अध्यक्ष बिनय कुमार सिंह, सुल्तानगंज प्रखंड अध्यक्ष सदानंद कुमार, जगदीशपुर प्रखंड अध्यक्ष गुरुदेव मंडल, वरिष्ठ जदयू नेता हीरा पांडेय, गोपाल मंडल, शाबान बदर खान, प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य सुड्डू साई सहित कई अन्य जदयू पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं।
प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य सुड्डू साई ने कहा कि राकेश ओझा जैसे सक्रिय और संगठननिष्ठ नेता को धमकी मिलना अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व संगठन के किसी भी कार्यकर्ता को डराने-धमकाने का दुस्साहस न कर सके।
जिला जदयू ने स्पष्ट किया है कि ऐसी आपराधिक घटनाओं को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने कहा कि वह अपने हर नेता और कार्यकर्ता की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस प्रकरण में दोषियों को कानून के कठघरे तक लाने के लिए जिला प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा करता है।