संगठनात्मक चुनाव 2026: दागी व अक्रियाशील सदस्य अध्यक्ष पद के लिए अयोग्य: जदयू का निर्देश, 18-19 फरवरी को जारी होगी मतदाता सूची

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) ने संगठनात्मक निर्वाचन–2026 की प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रदेश कार्यालय, पटना से कार्यालय आदेश के तहत राज्य निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को चुनाव संचालन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिला अथवा प्रखंड स्तरीय चुनाव में दागी और अक्रियाशील सदस्य अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नहीं बन सकेंगे। हालांकि, ऐसे सदस्य मतदान में भाग लेने के पात्र होंगे। पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठनात्मक शुचिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम बताया है।
18–19 फरवरी को उपलब्ध होगी मतदाता सूची
निर्देशों के मुताबिक, 18 एवं 19 फरवरी 2026 को राज्य निर्वाचन कार्यालय से मतदाता सूची संबंधित जिला पार्टी कार्यालयों को उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके बाद अधिकृत पदाधिकारी सूची को संबंधित प्रखंडों तक पहुंचाएंगे, ताकि नामांकन, जांच और मतदान की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।
विलंब की स्थिति में 20–23 फरवरी के बीच चुनाव
यदि किसी कारणवश मतदाता सूची के वितरण में विलंब होता है, तो जिला निर्वाचन पदाधिकारी अथवा पर्यवेक्षक 20 फरवरी से 23 फरवरी 2026 के बीच किसी भी दिन प्रखंड स्तर का चुनाव संपन्न करा सकते हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा।
समस्या निवारण के लिए हेल्पलाइन समय निर्धारित
चुनाव संबंधी किसी भी समस्या या सुझाव के लिए राज्य निर्वाचन कार्यालय से प्रातः 11:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आवश्यक सत्यापन और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
जदयू ने कहा है कि संगठनात्मक निर्वाचन–2026 को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह चुनाव आगामी राजनीतिक गतिविधियों के मद्देनजर संगठन को जमीनी स्तर पर और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।