न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बसावन चक गांव में गुरुवार की शाम जन सुराज पार्टी के प्रचार अभियान के दौरान गोलीबारी की वारदात से हड़कंप मच गया। पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में दुलारचंद यादव अपने सहयोगियों के साथ गांव में प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
गोलियां लगने के बाद हमलावरों ने दुलारचंद यादव को अपनी गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी गाड़ी पर भी गोलियों के कई निशान मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पटना एएसपी, डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
मृतक के परिजनों ने इस घटना के लिए जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण गाड़ी से कुचलना पाया गया है, जबकि पैर में गोली लगने के निशान भी मिले हैं।
फिलहाल एसएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मोकामा में जन सुराज कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, समर्थकों में आक्रोश

































