- गुप्त सूचना पर झाझा थाना क्षेत्र के घोरिकवा गांव में छापेमारी, अर्धनिर्मित हथियार और सामग्री बरामद…
न्यूज स्कैन ब्यूरो, जमुई
जिले के झाझा थाना क्षेत्र के घोरिकवा गांव में रविवार को पुलिस ने अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। इस दौरान मौके से दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाराजोर निवासी मोहम्मद शाहिद अंसारी और घोरिकवा गांव के छोटू कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस ने फैक्ट्री से अर्धनिर्मित हथियार, कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। बताया जाता है कि दोनों आरोपी कई महीनों से इस गुप्त फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। पुलिस की नजर से बचने के लिए वे नियमित रूप से झाझा थाने में भी आते-जाते थे, ताकि संदेह न हो।
झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि एक महीने के अंदर चारा अलग अलग इलाके से मिनी गण फैक्ट्री के उद्वेदन से जिले में सनसनी फैल गई है। पहली घटना जमुई शहर के कल्याणपुर और गरही थाना क्षेत्र में एक मुखिया के घर,उसके बाद मलयपुर थाना क्षेत्र के एक घर से हथियार बनाने की सामग्री बरामद हुई थी। लगातार हो रही बरामदगियों से स्पष्ट है कि जिले में अवैध हथियार कारोबारियों का जाल सक्रिय है।पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगेगी और जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।