50 से अधिक दिव्यांगजनों ने लिया भाग
अंतराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर दिव्यांगजनों को किया गया सम्मानित
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सदर प्रखण्ड स्थित बुनियाद केन्द्र, में अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम में उपस्थित 50 से अधिक दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के हित के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। अभी कुछ महीने पहले दिव्यांगजनों के लिए मासिक पेंशन की राशि को बढ़ाकर 1100 रूपए कर दिया गया है। मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए भी पात्रता को 60 प्रतिशत दिव्यांगता से घटाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे अधिक संख्या में दिव्यांगजनों को इस योजना से लाभान्वित किया जा सकेगा। निःशक्त जनों के विवाह की स्थिति में भी उन्हें एक लाख रूपए की राशि से प्रोत्साहित किए जाने की योजना बिहार सरकार द्वारा संचालित है। दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाणीकरण के लिए भी संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक सहायता की जा रही है। इसके साथ ही दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण जैसे कान की मशीन, वैशाखी, कृत्रिम पैर, आदि उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यक्रम एवं शिविर आयोजित किया जाता रहा है। अधिक संख्या में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके सभी अधिकारों की रक्षा के लिए हम सभी प्रयासरत हैं। इस अवसर पर 05 दिव्यांगजनों को मोटराईज्ड साईकिल प्रदान किया गया तथा सभी दिव्यांगजनों को शॉल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निदेश पर सभी दिव्यांगजनों को कम्बल भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी के साथ सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जीविका के डीपीएम, बुनियाद केन्द्र के डीपीएम तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के पश्चात् इसे जारी रखते हुए वृहद आश्रय गृह, सुपौल में आवासित दिव्यांग बच्चों के लिए खेल-कूद एवं अन्य रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए एवं इनमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
































