बिहार कांग्रेस में अंदरूनी कलह तेज, प्रदेश अध्यक्ष से नाराज नेताओं ने शुरू किया ‘बिहार कांग्रेस बचाव अभियान’

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
रिपोर्ट: प्रमोद कुमार
बिहार विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित नेताओं की नाराजगी अब सड़कों पर उतरती दिख रही है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेताओं ने ‘बिहार कांग्रेस बचाव अभियान’ की शुरुआत की है, जिसके तहत 17 मार्च को पटना में एक महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस अभियान को लेकर खगड़िया के पूर्व विधायक छत्रपति यादव और बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव नागेंद्र पासवान ‘विकल’ कैमूर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के जिला व प्रखंड स्तर के नेताओं से मुलाकात की और उन्हें पटना में आयोजित होने वाले महासम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार कांग्रेस की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। विधानसभा चुनाव में जो कुछ हुआ, वह किसी से छिपा नहीं है। पार्टी के जो नेता वर्षों से कांग्रेस के लिए समर्पित रहे, आज उनकी कोई पूछ नहीं हो रही है। न तो उन्हें सम्मान मिल रहा है और न ही संगठन में उनकी भूमिका तय की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली आलाकमान के निर्देशों को भी बिहार में गंभीरता से लागू नहीं किया गया। विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने एजेंट की तरह काम किया और मनमानी फैसले लिए, जिसका खामियाजा पूरी पार्टी को भुगतना पड़ा। आज स्थिति यह है कि बिहार कांग्रेस “संक्रमण” की अवस्था में पहुंच चुकी है।
छत्रपति यादव ने कहा कि पुराने कांग्रेसी नेताओं को टिकट मिलना तक मुश्किल हो गया है, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है। यही वजह है कि अब कोई नया व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ना नहीं चाहता। पार्टी को बचाने और संगठन को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से ही बिहार कांग्रेस बचाव अभियान की शुरुआत की गई है।
वहीं नागेंद्र पासवान ‘विकल’ ने भी प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि संगठनात्मक ढांचे को कमजोर कर दिया गया है। यदि समय रहते आत्ममंथन नहीं किया गया तो कांग्रेस का भविष्य बिहार में और भी संकट में पड़ सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि 17 मार्च को पटना में होने वाला महासम्मेलन केवल विरोध नहीं, बल्कि पार्टी को मजबूत करने और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान दिलाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास होगा।