न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के 38 परीक्षा केंद्रों पर शुक्रवार को चौथे दिन इंटरमीडिएट परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा प्रारंभ होने से पहले ही छात्र-छात्राएं समय से केंद्रों पर पहुंच गए और मुख्य द्वार पर कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। केंद्र में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली गयी । इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था, जिसके लिए मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही थी। हर केंद्र पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी। परीक्षा की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जा रही थी, वहीं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही थी। प्रशासन की सख्ती के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है। शुक्रवार को प्रथम पाली में अंग्रेजी और द्वितीय पाली में हिंदी विषय की परीक्षा हुई।
परीक्षा के कारण कई जगह लगा रहा जाम
इंटर परीक्षा को लेकर शुक्रवार को जाम के झाम से लोगों को जूझना पड़ा। परीक्षार्थियों की संख्या काफी अधिक थी। इसकी वजह से कई जगह शहर में जाम की स्थिति भी बनी रही। लोहियानगर चौक, चकला निर्मली, अंबेडकर चौक, आरएसएम रेलवे ढाला के पास परीक्षा खत्म होने के बाद करीब आधे घंटे जाम लगा रहा।शुक्रवार को परीक्षा में निर्धारित कुल 22953 परीक्षार्थी में से 22595 परीक्षार्थियों की उपस्थिति रही। दोनों पाली मिलाकर 358 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। पहली पाली अंग्रेजी विषय में 9860 में से 9735 और दूसरी पाली हिंदी में कुल 13094 में से 12860 परीक्षार्थियों की उपस्थिति रही। पहली पाली में 125 और दूसरी पाली में 233 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। हालांकि जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।

































