न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
खेल विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना अंतर्गत नाथनगर प्रखंड के उच्च विद्यालय शाहपुर स्थित खेल मैदान में निर्माणाधीन आउटडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण निगम, भागलपुर के उप महाप्रबंधक प्रतीक कुमार ने बताया कि स्टेडियम निर्माण स्थल को लेकर कुछ ग्रामीणों में असंतोष की स्थिति थी। इसे ध्यान में रखते हुए खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा स्टेडियम निर्माण से होने वाले लाभों से अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान स्टेडियम के प्रवेश द्वार की दिशा एवं पवेलियन के स्थान को लेकर आपसी सहमति से स्थल का निर्धारण किया गया। इस संबंध में निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कार्य को शीघ्रातिशीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया।
बताया गया कि स्टेडियम की चारदीवारी का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्णय लिया गया कि मुख्य सड़क से 30 से 40 फीट की दूरी पर चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा, ताकि खेल आयोजनों के दौरान वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शारीरिक शिक्षक, स्थानीय खेल प्रेमी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत इस वर्ष भागलपुर जिले के कुल सात प्रखंड—खरीक, नारायणपुर, इस्माइलपुर, रंगरा चौक, सन्हौला, नाथनगर एवं गोराडीह में स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इन स्टेडियमों के निर्माण प्रस्ताव पिछले वर्ष जिला पदाधिकारी भागलपुर के माध्यम से खेल विभाग को भेजे गए थे, जिन्हें अब स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रखंड में लगभग दो-दो करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिले के सात प्रखंडों में आउटडोर स्टेडियम बनेगा



























