न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, जगदीशपुर
मध्य विद्यालय जगदीशपुर के शिक्षक और छात्र नवाचार के माध्यम से शिक्षा को नई दिशा देने में लगातार सक्रिय हैं। इसी कड़ी में 31 जनवरी को आयोजित होने वाली अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) को लेकर विद्यालय परिसर में एक विशेष चेतन सत्र का आयोजन गुरुवार को किया गया। इस दौरान बच्चों ने ‘PTM’ अक्षरों की आकृति बनाकर अभिभावकों को अधिक संख्या में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की थीम “हम और आप मिलकर करेंगे बच्चों का विकास” रखी गई, जिसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक, अभिभावक और विभाग — तीनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक आशुतोष चंद्र मिश्र ने कहा कि आमतौर पर संगोष्ठी में अभिभावक आते हैं, लेकिन संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं होती। विद्यालय का लक्ष्य है कि शत-प्रतिशत अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि एक सकारात्मक और सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण हो सके। उन्होंने बताया कि जब शिक्षक और विभाग के साथ अभिभावक भी सक्रिय सहयोग करते हैं, तब बच्चों का विकास और अधिक प्रभावी ढंग से संभव हो पाता है।
इस नवाचारपूर्ण गतिविधि में शिक्षिका वीणा कुमारी, शाहिना खातून, प्रतिमा मिश्रा, पुष्पलता कुमारी तथा शिक्षक अमित कुमार सिंह और निर्भय कुमार ने बच्चों को मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय परिवार का यह प्रयास अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम को देखकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

































