न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, पश्चिमी चंपारण
महिपुर की इंदु देवी को स्वरोज़गार के लिए सिलाई मशीन दी गई। यह सिलाई मशीन बगहा के युवा जयेश सिंह के माध्यम से दी गई। इस अवसर पर जय प्रकाश यादव, नवल राम, मोहन चौधरी, सतेंद्र ठाकुर, बनारसी राम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
इस सिलाई मशीन को पटना में रहने वाले गौरव राय और उनके दोस्तों के सहयोग से भेजा गया। जयेश सिंह ने गौरव राय की प्रशंसा करते हुए बताया कि उनके प्रयासों से अब तक लगभग 10 सिलाई मशीनें जरूरतमंद महिलाओं को वितरित की जा चुकी हैं।
गौरव राय ने बताया कि जब उन्हें इंदु देवी की परिस्थिति की जानकारी मिली, तो उन्होंने अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर तुरंत एक सिलाई मशीन उपलब्ध कराई। उनके समूह ने अब तक पूरे बिहार में 245 सिलाई मशीनें और 307 साइकिलें जरूरतमंदों में वितरित की हैं। इसके अलावा 136 सैनिट्री पैड वेंडिंग मशीनें विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों में लगवाई जा चुकी हैं।
गौरव राय, जो एक निजी कंपनी में सीनियर जनरल मैनेजर ऑपरेशंस के पद पर कार्यरत हैं और सिवान जिले के भगवानपुर प्रखंड के सुघरी गाँव के निवासी हैं, उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य है महिलाओं को स्व रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से लोग इस अभियान में मदद कर रहे हैं और जरूरतमंद महिलाओं को सशक्त बनाने में योगदान दे रहे हैं।
गौरव राय ने भावुक होते हुए कहा, “हमें इसमें शामिल कई लोग एक-दूसरे को नहीं जानते, कुछ दिल्ली, कुछ मुंबई, कुछ विदेश में रहते हैं, लेकिन जब भी किसी जरूरतमंद के लिए पोस्ट करते हैं, लोग अपने आप मदद को सामने आते हैं। मुझे लगता है कि ईश्वर ने मुझे इसी कार्य के लिए बनाया है।” आने वाले दिनों में बगहा में पाँच और जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन देकर स्व रोजगार के लिए सक्षम बनाया जाएगा।

































