पुलवामा के अमर शहीदों को रेड क्रॉस सोसाइटी भागलपुर की श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रख किया नमन

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा, भागलपुर द्वारा पुलवामा हमले में शहीद हुए देश के वीर जवानों की स्मृति में शनिवार को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला शाखा कार्यालय में संपन्न हुआ, जिसमें पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं आजीवन सदस्यों ने भाग लिया।
सभा की शुरुआत शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों की शहादत को नमन किया और उनकी अदम्य वीरता को याद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पुलवामा के शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए अमिट प्रेरणा है। उनकी वीरता, साहस और राष्ट्रप्रेम की गाथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के मार्ग पर अग्रसर करती रहेगी। वक्ताओं ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा में दिए गए इन बलिदानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आजीवन सदस्यों ने राष्ट्र सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस का मूल मंत्र मानवता की सेवा है और इसी भावना के साथ संस्था समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाने का कार्य करती रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा में जिला शाखा के प्रवीण कुमार झा (सचिव), रवि कुमार (संयुक्त सचिव), कार्यकारिणी समिति के सदस्य विपिन पंडित, बिधु रंजन कुमार, संचिन कुमार सहित शहर के कई गणमान्य आजीवन सदस्य उपस्थित रहे।
सभा के समापन पर वक्ताओं ने पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि रेड क्रॉस परिवार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।