बिहार की राजनीति में बड़ा विस्फोट: तेजप्रताप ने खोला ‘पांच जयचंदों’ के खिलाफ मोर्चा, हत्या की जताई आशंका

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार की राजनीति के सबसे रसूखदार परिवार के बड़े लाल और ‘जनशक्ति जनता दल’ के संस्थापक तेजप्रताप यादव ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरजेडी और अपने परिवार के खिलाफ बड़े आरोप लगाए हैं। तेजप्रताप ने न केवल अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का दावा किया, बल्कि पहली बार उन ‘पांच जयचंदों’ के नामों का खुलासा किया है, जिन्हें वे अपनी बर्बादी का जिम्मेदार मानते हैं।

‘अनुष्का से मेरा कोई रिश्ता नहीं, मुझे फंसाया गया’
तेजप्रताप यादव ने उन तमाम खबरों का खंडन किया है जिनमें अनुष्का नामक महिला के साथ उनके संबंधों की बात कही जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “मेरा अनुष्का से कोई रिश्ता नहीं है। मुझे एक सोची-समझी साजिश के तहत झूठा फंसाया गया है। मेरा सोशल मीडिया अकाउंट हैक किया गया था ताकि मेरी छवि खराब की जा सके।”

तेजप्रताप ने इस दौरान आकाश भाटी और आकाश गुर्जर नामक दो व्यक्तियों का नाम लेते हुए सवाल दागे। उन्होंने कहा कि जांच इस बात की होनी चाहिए कि अनुष्का गोला रोड स्थित इन लोगों से मिलने क्यों जाती थी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “लगातार हमें परेशान किया जा रहा है, क्या अब हम फांसी लगा लें?”

ये हैं तेजप्रताप के ‘पांच जयचंद’
तेजप्रताप ने पहली बार उन पांच लोगों के नाम सार्वजनिक किए हैं, जिन्हें वे पार्टी और परिवार के बीच दरार पैदा करने वाला मुख्य मोहरा मानते हैं। उनके अनुसार ये ‘पांच जयचंद’ हैं:

मुकेश रौशन (राजद विधायक) – तेजप्रताप ने इन्हें ‘अफवाह गिरोह’ का संचालक बताया और अपनी हत्या की आशंका जताई।

संजय यादव (राजद राज्यसभा सांसद) – लालू परिवार में तेजस्वी के बेहद करीबी माने जाने वाले।

रमीज (राजद सोशल मीडिया और चुनाव प्रबंधन)

शक्ति सिंह यादव (राजद प्रवक्ता)

सुनील सिंह (राजद एमएलसी)

बेटी होने की खबर का खंडन और मांझी का ट्वीट
रविवार को सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैली कि तेजप्रताप और अनुष्का को एक बेटी हुई है। इस पर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने ट्वीट कर बधाई भी दे दी, जिससे मामला और तूल पकड़ गया। हालांकि, तेजप्रताप ने इसे पूरी तरह से सिरे से खारिज करते हुए इसे विरोधियों की साजिश बताया है।

सम्राट चौधरी से मुलाकात और नई राजनीतिक राह
तेजप्रताप ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उनकी बातचीत बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से हुई है और वे जल्द ही उनसे मुलाकात भी करेंगे। तेजस्वी यादव से अलग होकर ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाने के बाद तेजप्रताप का झुकाव अब एनडीए के बड़े नेताओं की ओर दिख रहा है, जो बिहार की सियासत में नए समीकरण बना सकता है।