बर्नेट होम्योपैथी प्राइवेट लिमिटेड ने कर्मचारियों की कराई ‘बल्ले-बल्ले’: जिम कॉर्बेट में 100 कर्मियों को गिफ्ट किए एप्पल मैकबुक, कहा- टीम ही हमारी नींव

न्यूज स्कैन ब्यूरो, नई दिल्ली/हल्द्वानी
नए साल का आगाज अगर एप्पल मैकबुक (Apple MacBook) जैसे शानदार तोहफे के साथ हो, तो कर्मचारियों के उत्साह का ठिकाना नहीं रहता। भारत के तेजी से उभरते होम्योपैथी प्लेटफॉर्म ‘बर्नेट होम्योपैथी प्रालि (Burnett Homeopathy Pvt Ltd) ने अपने कर्मचारियों के लिए कुछ ऐसा ही यादगार पल रचा है। उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट स्थित मैरियट होटल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में संस्था के 100 कर्मचारियों को नए साल के उपहार के तौर पर एप्पल मैकबुक भेंट किए गए। स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में इस तरह का कर्मचारी प्रोत्साहन (Employee Recognition) विरले ही देखने को मिलता है। जिम कॉर्बेट में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि यह संकेत भी दे दिया है कि बर्नेट होम्योपैथी अब वैश्विक विस्तार के लिए पूरी तरह तैयार है।

कर्मचारी नहीं, संस्थान की आधारशिला हैं हमारे लोग : डॉ. दुबे
प्रसिद्ध होम्योपैथ और बर्नेट होम्योपैथी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक व चेयरमैन डॉ. नितीश चंद्र दुबे ने इस अनूठी पहल का नेतृत्व किया। उन्होंने इस मौके पर कहा, “हमारे कर्मचारी सिर्फ टीम के सदस्य नहीं हैं, बल्कि वे उस नींव की तरह हैं जिस पर बर्नेट होम्योपैथी खड़ी है। इस वर्ष उनकी निष्ठा और रोगी सेवा के प्रति समर्पण ने हमें बहुत प्रभावित किया है।”

डॉ. दुबे ने आगे कहा कि मैकबुक देना केवल एक उपहार नहीं, बल्कि कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक जरिया है। उनका मानना है कि जब कर्मचारी पेशेवर रूप से सशक्त होंगे, तभी संगठन भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छुएगा।

जिम कॉर्बेट में जुटा दिग्गज डॉक्टरों का हुजूम
इस भव्य आयोजन में केवल जश्न ही नहीं हुआ, बल्कि चिकित्सा जगत के भविष्य पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में देशभर से आए वरिष्ठ प्रबंधन, अनुभवी चिकित्सक और टीम के सदस्य शामिल हुए। बर्नेट होम्योपैथी का मुख्य उद्देश्य योग्य होम्योपैथिक डॉक्टरों को एक साझा मंच पर लाना है, जहां शोध और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के जरिए मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

लंदन के ब्रिटिश संसद में गूंजेगा भारतीय होम्योपैथी का डंका
मैकबुक वितरण के साथ-साथ डॉ. नितीश चंद्र दुबे ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि ‘बर्नेट होम्योपैथी समिट-4’ (Burnett Homeopathy Summit 4) का आयोजन इस साल 10 अप्रैल को यूनाइटेड किंगडम (लंदन) की ब्रिटिश संसद में किया जाएगा।

यह समिट वैश्विक मंच पर भारतीय होम्योपैथी की साख बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसमें दुनिया भर के नीति निर्माता, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे, जो होम्योपैथी को एक समग्र विज्ञान के रूप में स्थापित करने पर चर्चा करेंगे।