न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म की आड़ में चल रहे अवैध हथियार और नशीले पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित अखिनी गांव में पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां पानी की टंकी से भारी मात्रा में हथियार और गांजा बरामद हुआ।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अखिनी गांव निवासी आतिफ अफरोज खान अपने मुर्गी फार्म को ढाल बनाकर अवैध हथियार एवं गांजे का कारोबार चला रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने जब मुर्गी फार्म परिसर की तलाशी ली, तो पानी की टंकी से तीन देसी अवैध हथियार, चार जिंदा कारतूस, दो मिसफायर कारतूस, 13 खाली खोखे तथा कुल 8.12 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
रामगढ़ थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि बरामदगी के बाद आरोपी आतिफ अफरोज खान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियारों की तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क से तो उसका संबंध नहीं है।
पुलिस ने मामले की हर बिन्दु पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी स्थानीय स्तर पर सक्रिय अवैध कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए अभियान जारी रहेगा।



























