मानव की आत्मा ही परमात्मा है – डॉ. अमन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिला मुख्यालय स्थित बी.बी.सी. कॉलेज सभागार में बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के दिशानिर्देश पर माँ वन दुर्गा मंदिर न्यास समिति द्वारा स्वामी विवेकानन्द जयंती समारोह को आध्यात्मिक दिवस के रूप में मनाते हुए संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विधिवत शुभारंभ न्यास समिति के सचिव डॉ. अमन कुमार, सुधीर मिश्र, शशि मंडल, कृष्ण कुमार राय के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। संगोष्ठी में स्वामी विवेकानंद के विचारो पर प्रकाश डालते हुए माँ वन दुर्गा मंदिर न्यास समिति के सचिव डॉ. अमन कुमार ने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर ईश्वर का अंश होता है। संसार में मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है। मानव सेवा ही सर्वोच्च धर्म व कर्म है। गरीब, लाचार मानव की सेवा ही वास्तव में ईश्वर की सेवा है। डॉ. कुमार ने कहा कि मानव की आत्मा ही परमात्मा है। अपने लिए तो जानवर भी जिन्दगी जीते हैं, जो दुसरों के लिए जियें वहीं मनुष्य है। इंसानियत अपनाने में कोई टैक्स नहीं लगता है। जब भी मौका मिले दिल खोलकर ईश्वर को बताए की उसने आपको इंसान बनाकर कोई गलती नहीं की है। वर्त्तमान समय में मनुष्य से मानव बन जाना बहुत बड़ी बात है। आध्यात्मिकता की नींव पर ही स्वर्णिम राष्ट्र का निर्माण संभव है। संगोष्ठी में जगदीश प्रसाद यादव, हृदय नारायण मुखिया, राम नारायण साह, मुकेश यादव, शत्रुधन यादव, देव जी, सत्य नारायण शर्मा, रामचन्द्र मेहता, जितेन्द्र कुमार झा, साहिल कुमार आदि उपस्थित थे।