एनएच-106 पर टेम्पो–कार की आमने-सामने टक्कर, टेम्पो चालक गंभीर

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही कोशी निरीक्षण भवन के समीप एनएच-106 पर बुधवार सुबह करीब आठ बजे घने कोहरे के बीच एक टेम्पो और कार के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बाहर रेफर कर दिया। घायल चालक की पहचान राघोपुर पंचायत के मानिकचंद्र चकला वार्ड संख्या 1 निवासी दिलीप मंडल के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद टेम्पो सड़क के बीच पलट गया, जबकि कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। जानकारी के मुताबिक बिना नंबर का टेम्पो राघोपुर की ओर से आ रहा था, वहीं बीआर-01एफटी-0784 नंबर की हुंडई क्रेटा कार सिमराही बाजार की ओर से आ रही थी। इसी दौरान कार चालक द्वारा आगे चल रही एक बस को ओवरटेक करने के प्रयास में टेम्पो से सीधी भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी और यही दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस फरार कार चालक की पहचान और घटना की जांच में जुटी हुई है। वहीं इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि टेम्पो घटनास्थल से और कार खोजबीन कर जप्त किया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।