न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
मदुसूदनपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर स्थित बाइपास मोड़ के पास स्थित बजरंगबली की मूर्ति को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। सोमवार, 24 नवंबर 2025 की सुबह इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर-02 के नेतृत्व में मदुसूदनपुर थाना प्रभारी ने स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षतिग्रस्त मूर्ति को हटाकर उसी स्थान पर नई मूर्ति की स्थापना कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या नहीं है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस द्वारा सतत गश्ती व निगरानी बढ़ा दी गई है, जिससे किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की संभावना न रहे।
घटना के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस तकनीकी जांच, स्थानीय इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने समय पर कार्रवाई करने और नई मूर्ति स्थापित कराने के लिए पुलिस-प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।


































