न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर मुख्यालय में सोमवार को 2 फरवरी को सीनियर सिपाही कैडर के जवानों के लिए एक गरिमामय एवं भव्य पदोन्नति रैंक पिपिंग समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
समारोह के दौरान कमांडेंट गौरव सिंह द्वारा वाहिनी में पदस्थापित पदोन्नत सीनियर सिपाहियों को उनके नवीन रैंक की फिती लगाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदोन्नत जवानों को बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा कि पदोन्नति न केवल सम्मान का प्रतीक है, बल्कि इसके साथ उत्तरदायित्व एवं कर्तव्यों में भी वृद्धि होती है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे-जैसे पद एवं दायित्व बढ़ते हैं, वैसे-वैसे नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, ईमानदारी एवं निष्ठा की अपेक्षाएं भी बढ़ जाती हैं। सभी जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ करें।
इस अवसर पर जगदीश कुमार शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी, उप कमांडेंट सौरभ सुमन, उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट हरजीत राव सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं बलकर्मियों ने भी समारोह में सहभागिता की। सभी अधिकारियों एवं उपस्थित बलकर्मियों ने पदोन्नत जवानों को उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव एवं अनुशासन से परिपूर्ण रहा। इस आयोजन ने जवानों में कर्तव्यबोध, मनोबल एवं संगठन के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

































