न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग में कुलपति के निजी सहायक संतोष कुमार के सेवा निवृत्त होने के अवसर पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में वर्तमान रजिस्ट्रार डॉ. रामाशीष पूर्वे, पूर्व रजिस्ट्रार उमेश प्रसाद, पलामू (झारखंड) स्थित रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय झा, झारखंड सरकार की संयुक्त सचिव रंजिता रंजन, भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, बी.एन. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिरुद्ध कुमार, टीएनबी कॉलेज के शिक्षकगण, विश्वविद्यालय के कर्मचारी, सेवा निवृत्त कई गणमान्य प्रोफेसर, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री मंत मुखोपाध्याय द्वारा किया गया। वहीं शोधार्थी आयुष भारती, हरेराम, धीरज कांत सहित अन्य छात्र-छात्राएं आयोजन में विशेष रूप से सक्रिय भूमिका में नजर आए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने संतोष कुमार के दीर्घ, निष्ठावान और अनुकरणीय सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई। उनकी कार्यकुशलता, विनम्र व्यवहार और संस्थान के प्रति समर्पण को सभी ने मुक्त कंठ से सराहा।
बताया गया कि संतोष कुमार वर्ष 1985 में संविदा के आधार पर भूगोल विभाग में क्लर्क पद पर नियुक्त हुए थे। इसके बाद वर्ष 2003 में वे नियमित हुए और जनवरी 2026 तक कुलपति के निजी सहायक के रूप में अपनी सेवाएं देते हुए सेवा निवृत्त हुए। लगभग चार दशकों तक विश्वविद्यालय से जुड़ी उनकी सेवा यात्रा कई पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रही।
समारोह के अंत में उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की गई।
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में कुलपति के निजी सहायक संतोष कुमार का विदाई सह सम्मान समारोह

































