दो करोड़ की लागत से बैंकाक के अरुण मंदिर जैसे भव्य पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा महारानी, कैलाश पर्वत पर दिखेंगे भगवान शंकर


न्यूज स्कैन ब्यूरो, मुंगेर
इस बार बरियारपुर प्रखंड के कल्याणपुर में बैंकाक के अरुण मंदिर की तर्ज पर बड़ी दुर्गा महारानी विराजेंगी। यहां अरुण मंदिर की तरह भव्य और आकर्षक पंडाल बनाया जा रहा है। झारखंड राज्य के गिरिडीह जिले से आए कारीगर पंडाल बनाने में दो महीने से जुटे हैं। पंडाल सप्तमी पूजा तक तैयार हो जाएगा और यह न केवल मुंगेर बल्कि पूर्वी बिहार के कई जिलों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
श्रद्धालु मां दुर्गा का दर्शन करने के साथ-साथ कैलाश पर्वत का भी दीदार करेंगे। 100 फीट ऊंचाई और 150 फीट चौड़े पर्वत पर देवों के देव महादेव का दीदार होगा। सड़क से मां तक पहुंचने के लिए उत्तर प्रदेश के कलाकारों की शीशे की नक्काशी भी देखने को मिलेगी। एलईडी गेट का भव्य रूप देने के लिए कलाकार पूरी मेहनत कर रहे हैं। श्रद्धालु इसी गेट से प्रवेश करेंगे और मां दुर्गा का दर्शन करेंगे।

पंडाल का निर्माण कर रहे कारीगर ने बताया कि 30 लोग मिलकर काम कर रहे हैं। 130 फीट ऊंचा पंडाल बनाने के लिए 15 हजार बांस का ढांचा तैयार किया गया, उसके बाद चारों ओर लकड़ी के बीम लगाकर उस पर कपड़ा कवर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पंडाल अरुण मंदिर के फोटो देखकर तैयार किया जा रहा है और जब पूरी तरह बन जाएगा तो यह इलाके के लोगों के लिए बड़ा आकर्षण होगा।
कारीगर मो. लतीफ ने बताया कि दस साल से वे कल्याणपुर आ रहे हैं और सभी मिलजुल कर भाईचारे के साथ काम करते हैं।

कल्याणपुर की दुर्गा पूजा महोत्सव की परंपरा काफी पुरानी है। 362 साल से यहां मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। आयोजक और प्रसिद्ध होमियोपैथ चिकित्सक डॉ. नीतीश दुबे का कहना है कि महारानी की कृपा से ही हर बार दुर्गा पूजा महोत्सव धूमधाम से आयोजित होता है। उन्होंने बताया कि पिछले साल बुर्ज खलीफा की तर्ज पर भव्य पंडाल बना था। इस बार बैंकाक के अरुण मंदिर जैसी तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है।

इस महोत्सव में एक लाख से अधिक श्रद्धालु भाग लेते हैं। पिछले बार भीड़ नियंत्रण में परेशानी हुई थी, इसलिए इस बार चार अलग-अलग निकास द्वार और वर्षा को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। इस बार दुर्गा पूजा महोत्सव में बच्चे नृत्य प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
कल्याणपुर में हर साल भव्य पंडाल बनते हैं। यहां की खूबसूरती और लाइटिंग का कोई मुकाबला नहीं है। दुर्गा पूजा का यह महोत्सव मुंगेर के अलावा भागलपुर, बांका, खगड़िया, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय और पूर्णिया के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र है। परिवार सहित लोग पूजा में भाग लेने आते हैं और इस बार भी भारी भीड़ रहने की संभावना है।