परबत्ता में महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, सैकड़ों भाजपा-जेडीयू कार्यकर्ताओं ने थामा लालटेन, डॉ. संजीव पर जताया भरोसा

न्यूज स्कैन ब्यूरो, परबत्ता (खगड़िया)

परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में आज महागठबंधन कार्यकर्ता सम्मेलन में अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार के आवास पर आयोजित इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा और जेडीयू के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राजद की सदस्यता ग्रहण की और महागठबंधन के प्रति आस्था जताई।सम्मेलन में तेजस्वी यादव, राजद और डॉ. संजीव कुमार के समर्थन में गगनभेदी नारे लगे। कार्यकर्ताओं ने ‘लालटेन छाप जिंदाबाद’ और ‘तेजस्वी यादव जिंदाबाद’ के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि परबत्ता की जनता अब बदलाव के पक्ष में है। उन्होंने गैरमजरूआ खास और टोपोलैंड जैसे मुद्दों को उठाते हुए किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता में रखने की बात दोहराई। उन्होंने वादा किया कि महागठबंधन की सरकार बनते ही किसानों को सरकारी अड़चनों से राहत मिलेगी।डॉ. संजीव ने यह भी कहा कि उन्होंने बार-बार श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न देने की मांग उठाई है और महागठबंधन की सरकार बनते ही इस पर पहल की जाएगी।उन्होंने घोषणा की कि 14 नवंबर को वे महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी के रूप में नामांकन करेंगे और यह चुनाव सिर्फ औपचारिकता होगा।
इस मौके पर जेडीयू और भाजपा के कई बड़े नेताओं ने राजद की सदस्यता ली। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद के पूर्व जिला अध्यक्ष गुदर सेठ ने की। सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर लालटेन को विजयी बनाएंगे और परबत्ता को न्याय व विकास का मॉडल बनाएंगे।