गोपाल मंडल के विवादित बयान से गरमाई सियासत, सांसद अजय मंडल और कुमारी अपर्णा ने दिया करारा जवाब

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर की राजनीति में जदयू की आंतरिक खींचतान एक बार फिर सुर्खियों में है। मामला तब तूल पकड़ गया जब गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल ने भागलपुर सांसद अजय मंडल और जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव कुमारी अपर्णा पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
गोपाल मंडल ने अपर्णा को लेकर अमर्यादित बयान दिया और सांसद अजय मंडल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे एचआईवी पॉजिटिव हैं और उन्हें संसद में जाने से रोका जाना चाहिए।

इस बयान के बाद सांसद अजय मंडल ने घोघा थाना में गोपाल मंडल के खिलाफ मामला दर्ज कराया। विवाद बढ़ने पर सांसद अजय मंडल और कुमारी अपर्णा ने संयुक्त प्रेस वार्ता की।

प्रेस वार्ता में अजय मंडल ने कहा –“मुझे न्यायपालिका और अपनी पार्टी पर पूरा भरोसा है। न्यायालय का जो भी निर्णय होगा, मैं उसे स्वीकार करूंगा।”

वहीं कुमारी अपर्णा ने कहा कि गोपाल मंडल का बयान पूरी तरह बेबुनियाद और अमर्यादित है। उन्होंने साफ किया कि अजय मंडल मेरे मामा हैं और यह बात गोपाल मंडल को भली-भांति पता है। इसके बावजूद उन्होंने ऐसी अभद्र टिप्पणी की। मैंने इस पूरे मामले की शिकायत पार्टी आलाकमान से कर दी है, अब निर्णय उन्हीं को लेना है।

इस पूरे घटनाक्रम ने जदयू की आंतरिक राजनीति को और भी उलझा दिया है। अब सबकी निगाहें न्यायालय और पार्टी आलाकमान के फैसले पर टिकी हुई हैं।

पारिवारिक समर्थन

सांसद अजय मंडल के भाई अनुज मंडल और संसद के फूफेरा भाई ने भी प्रेस वार्ता में हिस्सा लेकर कहा कि यह आरोप पूरी तरह से राजनीतिक साजिश है।