न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
सोने के दाम बढ़ने के साथ ही जिले में चोरी की घटनाएं भी तेज़ होती दिख रही हैं। ताज़ा मामला कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर–7 से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने–चांदी के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़िता विंध्याचली देवी ने बताया कि बीती रात करीब 9 बजे परिवार के एक सदस्य की तबीयत अचानक बिगड़ने पर वे घर बंद कर अस्पताल चली गई थीं। सुबह जब उन्होंने अपने भाई को घर भेजा, तो देखा गया कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और अंदर रखी अलमारी से गहने व नकदी गायब हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बार-बार हो रही चोरी, पुलिस की पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते कुछ महीनों से लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं, बावजूद इसके अब तक किसी बड़े मामले का खुलासा नहीं हो सका है। लोगों में पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
इस मामले में कुदरा थानाध्यक्ष नंदु कुमार ने बताया कि पीड़िता से आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष के अनुसार, पीड़िता घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही हैं। कभी अस्पताल जाने की बात कह रही हैं, तो कभी बहन के घर जाने की। प्रथम दृष्टया ताले के टूटने के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। आशंका है कि मास्टर चाबी के जरिए ताला खोला गया हो। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद से वार्ड नंबर–7 समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस से गश्ती बढ़ाने तथा जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
सोने के बढ़ते दाम के बीच कैमूर में चोरी की बड़ी वारदात, बंद घर से लाखों के आभूषण व नगदी उड़ाए अस्पताल गई थी पीड़िता, सुबह टूटा मिला घर का ताला, पुलिस जांच में जुटी
































