न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि प्रेमी से तंग आकर एक युवती ने उसकी हत्या की साजिश रची थी, लेकिन पहचान की भूल में आरोपियों ने निर्दोष युवक सुशील चौरसिया को प्रेमी समझकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में प्रेमिका, एक नाबालिग समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
21 जनवरी को भगवानपुर बाजार में हुई थी हत्या
कैमूर के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 21 जनवरी की संध्या भगवानपुर बाजार में चांद थाना क्षेत्र के करवनिया गांव निवासी सुशील चौरसिया की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के पिता के बयान पर भगवानपुर थाना में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान भगवानपुर बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर एक नाबालिग सहित कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में चैनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी सोहेल खान, चांद थाना क्षेत्र के दोबहा गांव निवासी आशीष पांडे, भगवानपुर गांव निवासी सृष्टि कुमारी तथा एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है।
शादी से पहले प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
प्रेस वार्ता के दौरान एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि पूछताछ में सोहेल खान ने खुलासा किया कि उसकी सृष्टि कुमारी से करीब छह माह पुरानी जान-पहचान थी। सृष्टि कुमारी का पहले से ही उसके घर के सामने रहने वाले युवक प्रेम पासी से प्रेम प्रसंग था। इसी बीच सृष्टि कुमारी की शादी तय हो गई थी, जिससे प्रेम पासी नाराज था और वह शादी नहीं होने देने को लेकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
प्रेमी की हरकतों से परेशान होकर सृष्टि कुमारी ने सोहेल खान से संपर्क कर प्रेम पासी की हत्या की साजिश रची। सोहेल खान सृष्टि कुमारी को बहन की तरह मानता था, लेकिन बार-बार दबाव बनाए जाने के कारण उसने हत्या की योजना में साथ दिया।
तीन बार की कोशिश, चौथी बार में हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले सोहेल खान ने दो बार अकेले और एक बार आशीष पांडे के साथ मिलकर प्रेम पासी की हत्या का प्रयास किया, लेकिन हर बार वह बच निकला। घटना के दिन सोहेल खान और आशीष पांडे मोटरसाइकिल से भगवानपुर पहुंचे। इस दौरान एक नाबालिग बालक लाइनर की भूमिका निभा रहा था और प्रेम पासी का लोकेशन दे रहा था।
पहचान की भूल में निर्दोष की हत्या
घटना स्थल पर प्रेम पासी अपनी बाइक मुन्ना मिस्त्री की दुकान के सामने खड़ी कर अंदर चला गया था, जबकि सुशील चौरसिया ठंड से बचने के लिए मफलर लपेटकर उसी बाइक के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने सुशील चौरसिया को प्रेम पासी समझकर गोली मार दी और फरार हो गए।
मोटरसाइकिल और कपड़े बरामद
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अपराध के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
एसपी का बयान
कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है, जिसमें गलत पहचान के कारण एक निर्दोष युवक की जान चली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रेमी से तंग प्रेमिका ने रची हत्या की साजिश, प्रेमी समझकर युवक की गोली मारकर हत्या, एसपी ने किया खुलासा, प्रेमिका व एक नाबालिग समेत चार गिरफ्तार
































