न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान अश्लील गीत बजाने का विरोध करना एक लड़की को भारी पड़ गया। असामाजिक तत्वों ने न केवल उसके साथ छेड़खानी की, बल्कि जमकर मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल लड़की का इलाज भभुआ सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरहन गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में अश्लील गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान एक लड़की ने इसका विरोध किया। विरोध से नाराज कुछ असामाजिक तत्वों ने लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने रामगढ़ थाना में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला, मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार, एसडीएम सहित कई वरीय अधिकारी रामगढ़ थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
इस संबंध में मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान अश्लील गीत बजाने के विरोध पर लड़की के साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
कैमूर में मूर्ति विसर्जन के दौरान अश्लील गीत का विरोध करना पड़ा भारी: लड़की से छेड़खानी व मारपीट, गंभीर रूप से घायल

































