न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
देश के प्रमुख उद्योगपति और Adani Group के चेयरमैन Gautam Adani ने रविवार को पीरपैंती का दौरा कर निर्माणाधीन थर्मल पावर परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरे को बिहार में औद्योगिक निवेश और ऊर्जा अवसंरचना के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर एवं आसपास के क्षेत्र में करीब 479 हेक्टेयर भूमि पर यह अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। परियोजना की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट है। कंपनी की ओर से बताया गया कि इस परियोजना में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जो पिछले कई दशकों में बिहार में किसी औद्योगिक समूह द्वारा किया गया सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने परियोजना स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। वर्तमान में चहारदीवारी निर्माण और भूमि समतलीकरण का कार्य जारी है। परियोजना को पांच वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दौरे के क्रम में उन्होंने पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया।
परियोजना की भौगोलिक स्थिति को लॉजिस्टिक दृष्टि से रणनीतिक माना जा रहा है। उत्तर दिशा में गंगा नदी, दक्षिण में राष्ट्रीय राजमार्ग तथा समीप स्थित पीरपैंती रेलवे स्टेशन से कोयला एवं अन्य संसाधनों की आपूर्ति और विद्युत वितरण में सुविधा मिलेगी।
कंपनी के अनुसार, निर्माण चरण में 10 से 12 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा, जबकि प्लांट के संचालन के बाद लगभग 3000 लोगों को स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना बिहार की बिजली जरूरतों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ क्षेत्रीय औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विस्तार को नई गति देगी।
पीरपैंती में 30 हजार करोड़ की मेगा परियोजना का निरीक्षण, उद्योगपति गौतम अदाणी ने लिया कार्यों का जायजा

























