दिनदहाड़े गैरेज मालिक पर जानलेवा हमला, लूटपाट के बाद बदमाश हुए फरार

न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
फारबिसगंज के रामपुर दक्षिण वार्ड संख्या 3 बियाडा के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े 11 बजे के करीब बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक 30 वर्षीय इमरोज पिता-मो. फिरोज है। हमले के बाद बदमाश उनके पास से मोबाइल, सोने की चेन और दस हजार रुपये नगद लूटकर फरार हो गया।दिनदहाड़े हुए वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमरोज अपने गैरेज से नमाज़ पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए। हमलावरों की पहचान रिजवान उर्फ दिलनवाज, दिलखुश, छोटू एवं एक अन्य युवक के रूप में की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, इमरोज पूर्व में एक हत्या कांड में गवाह है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश को लेकर उन्हें टारगेट किया गया। घटना के बाद जब इमरोज ने हल्ला किया तो आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश लूटपाट कर हथियार लहराते हुए फिल्मी अंदाज में फरार हो गया।
घायल को स्थानीय लोगों ने तुरंत फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल का बयान दर्ज किया। पुलिस ने लूटपाट और हमले में शामिल बदमाशों की पहचान कर ली है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते बदमाशों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधी बेखौफ होकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते रहेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने और सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।