न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक प्रकाश चंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रतिष्ठान द्वारा वर्ष 2025-26 में आयोजित किए जाने वाले सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से आगामी आयोजनों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 7 मार्च को होली मिलन समारोह, 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम, 18 मार्च को बिहार छात्र आंदोलन दिवस पर संगोष्ठी तथा 24 मार्च 2026 को ईद मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। समिति सदस्यों ने इन आयोजनों को सामाजिक सौहार्द, जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया।
बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और जल जमाव की समस्या पर भी गंभीर चर्चा की गई। सदस्यों ने कहा कि कई इलाकों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर निगम प्रशासन से मिलकर समस्या के शीघ्र समाधान का आग्रह किया जाएगा।
बैठक में डॉ. मनोज कुमार, महबूब आलम, संजय कुमार, बासुदेव भाई, वीणा सिन्हा, अनीता शर्मा, डॉ. जयंत जलद, प्यारी देवी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र की बैठक में वार्षिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय: होली मिलन, महिला दिवस, छात्र आंदोलन दिवस और ईद मिलन समारोह के आयोजन का निर्णय


























