न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत Rotary Club of Bhagalpur और Mahavir Seva Sadan, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में भागलपुर में नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर “उम्मीद की किरण 2026” अभियान के तहत आयोजित होगा, जिसमें जरूरतमंद दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिविर का आयोजन 7, 8 और 9 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे से दिन के 3 बजे तक Deep Prabha Bhagalpur परिसर में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा दिव्यांगजनों की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार कृत्रिम हाथ-पैर और अन्य सहायक उपकरण लगाए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे दिव्यांगजनों को नई जिंदगी और आत्मनिर्भरता की राह देना है, जो आर्थिक तंगी के कारण महंगे कृत्रिम अंग नहीं लगवा पाते। शिविर में भाग लेने के इच्छुक लोगों से अपील की गई है कि वे पहले से पंजीकरण के लिए दिए गए संपर्क नंबरों पर संपर्क करें।
इस सेवा कार्य में प्रोजेक्ट चेयर रोटेरियन रूप कुमार, चेयर रोटेरियन डॉ. सोमन चटर्जी, को-चेयर रोटेरियन प्रेमेन्द्र मोहन ठाकुर, प्रेसिडेंट रोटेरियन अनुपमा कुमार और सेक्रेटरी रोटेरियन शशिकला ठाकुर सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि यह शिविर उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा, जो दुर्घटना या बीमारी के कारण अपने अंग खो चुके हैं। कृत्रिम अंग लगने के बाद उन्हें फिर से चलने-फिरने और सामान्य जीवन जीने में बड़ी मदद मिलेगी।
रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने समाज के जरूरतमंद दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और शिविर में पहुंचकर नि:शुल्क उपचार एवं कृत्रिम अंग की सुविधा प्राप्त करें।
































