लायंस क्लब के तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर

लायंस क्लब, सिमराही,राघोपुर, गणपतगंज के सौजन्य से सिमराही बाजार स्थित द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी स्कूल परिसर में निःशुल्क दांत, आंख मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यालय के स्कूली बच्चों की दांत एवं आंखों की विशेष जांच की गई। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बच्चों को आंख और दांत से जुड़ी बीमारियों, उनके लक्षणों तथा बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
मेडिकल शिविर में लायंस क्लब से जुड़े चिकित्सकों ने बच्चों की बारीकी से जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। जांच के दौरान कई बच्चों में दंत समस्या एवं आंखों से संबंधित शुरुआती लक्षण पाए गए, जिन्हें समय रहते इलाज कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर लायंस क्लब सिमराही, राघोपुर, गणपतगंज के अध्यक्ष सचिन माधोगड़िया ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। आंख और दांत की बीमारियां शुरुआती अवस्था में पहचान ली जाएं तो आगे की बड़ी समस्याओं से बचा जा सकता है। लायंस क्लब का उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेषकर बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
वहीं द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी के विद्यालय निदेशक विनय चांद , मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक कुमार गुप्ता, प्रिंसपल अमित कुमार ने लायंस क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बच्चों के लिए बेहद उपयोगी होते हैं। इससे न केवल उनकी जांच होती है, बल्कि वे स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक होते हैं। लायंस क्लब का यह सराहनीय कदम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण है।
शिविर में लायंस क्लब के डॉ. विवेक कुमार, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. आनंद, डिस्ट्रिक्ट 322ई के एलसीआईएफ कोऑर्डिनेटर मनीष कुमार सर्राफ, लायंस क्लब सिमराही, राघोपुर, गणपतगंज के पूर्व अध्यक्ष ललित जायसवाल, उपाध्यक्ष सोनू पंसारी, नीरज कुमार पंसारी, कोषाध्यक्ष गोपाल पंसारी, विद्यालय प्राचार्य अमित कुमार, सुबोध कुमार, आशीष कुमार, सचिन पंसारी, मंटू चांद, लायंस क्लब मधेपुरा के उपाध्यक्ष विकास सराफ, सदस्य राजीव सराफ, मयंक गुप्ता, देवादित्य सेन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।