सड़क हादसे में मुख्यालय डीएसपी समेत चार पुलिसकर्मी घायल

  • बेहतर इलाज के लिए सभी वाराणसी रेफर
  • सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसे में भभुआ मुख्यालय डीएसपी समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब डीएसपी की बोलेरो गाड़ी पटना से भभुआ लौट रही थी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादर के समीप गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने डीएसपी की बोलेरो गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में भभुआ मुख्यालय डीएसपी गजेंद्र कुमार, क्राइम सेक्शन के इंस्पेक्टर राजेश कुमार, चालक राजीव कुमार तथा पुलिसकर्मी करण कुमार घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनियां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल मोहनियां अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विंध्याचल सिंह ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर किया गया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कैमूर के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने दुर्घटना की पूरी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस द्वारा ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।