परबत्ता से लापता 4 नाबालिग बच्चियां पश्चिम बंगाल के मालदा से बरामद, मानव तस्करी गिरोह पर शक

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया

परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव से सोमवार को रहस्यमय तरीके से गायब हुई चार नाबालिग स्कूली छात्राओं को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया। सभी लड़कियां स्थानीय उच्च विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि इन मासूमों को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्यों में बेचने की साजिश रची जा रही थी।

जानकारी के अनुसार सोमवार को चारों छात्राएं विद्यालय गई थीं, लेकिन संध्या समय विद्यालय बंद होने के बाद भी कोई भी अपने घर नहीं लौटी। परिवारजनों ने काफी खोजबीन की, मगर कोई पता नहीं चला। देर रात परिजन गांव के मुखिया संजय सिंह के पास पहुंचे। सूचना पर थाना अध्यक्ष अश्विनी कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

छात्राओं की सहेलियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांव की ही एक बड़ी लड़की ने उन्हें बरगलाकर घर से भागने के लिए प्रलोभन दिया था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर सभी लड़कियों का पता लगाया, जो मालदा टाउन रेलवे स्टेशन मिला। इसके बाद परबत्ता थाना ने तत्काल जीआरपी मालदा से संपर्क किया और चारों छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

बरामदगी के दौरान लड़कियों को लेकर जाने वाले दलाल मौके से फरार हो गए। पुलिस का मानना है कि यह मानव तस्करी गिरोह का हिस्सा है, जो भोली-भाली लड़कियों को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्यों में बेचने का प्रयास करता है।

थाना अध्यक्ष अश्विनी कुमार ने बताया कि “चारों नाबालिग लड़कियों को मालदा से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उन्हें नवगछिया लाया जा रहा है। पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।”