न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले में नशा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को भपटियाही थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकनी धर्मकांटा एवं इंडो–नेपाल रोड से दो चार चक्का वाहनों में ले जाए जा रहे कुल 3280 बोतल कोरेक्स सिरप के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रणधीर सिंह (निवासी–सोभी, थाना मुफस्सिल, जिला भोजपुर), कन्हैया महतो, सोनू कुमार (दोनों निवासी–आर्यकुमार रोड मछुआ टोला, वार्ड संख्या–42) तथा सुधीर कुमार (निवासी–नाला रोड अमरदी गली, वार्ड संख्या–42, थाना कदमकुआ, जिला पटना) के रूप में की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो इनोवा चार चक्का वाहन, चार मोबाइल फोन एवं 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस संबंध में भपटियाही थाना कांड संख्या–32/2026 दर्ज कर आगे की अनुसंधान प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
बरामद कोरेक्स सिरप के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

































