भभुआ से चुनाव लड़ेंगी पूर्व विधायक डॉ. प्रमोद सिंह की पत्नी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
भभुआ विधानसभा में पूर्व विधायक डॉ. प्रमोद सिंह की राजनीतिक विरासत को उनकी पत्नी आगे बढ़ाने जा रही हैं। वे इस बार राजद से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
डॉ. प्रमोद सिंह, जिन्होंने वर्ष 2000 और 2005 में आरजेडी से, 2010 में लोजपा से चुनाव जीतकर बाद में जदयू में शामिल होकर लंबे समय तक कैमूर जिला अध्यक्ष का दायित्व संभाला, उनकी राजनीतिक विरासत को अब उनकी पत्नी आगे बढ़ाएंगी।
21 जनवरी 2025 को सांस की बीमारी से उनका निधन हो गया था। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफी करीबी माने जाते थे। उनके निधन पर सीएम नीतीश ने शोक जताते हुए परिवार से बातचीत भी की थी।
तीन बार भभुआ से विधायक रहे डॉ. प्रमोद सिंह के निधन के बाद अब उनकी पत्नी विभा कुमारी राजनीति में सक्रिय हो रही हैं। उनका कहना है कि पति के अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने और जनता की सेवा के लिए वे पहली बार चुनाव लड़ने का मन बना चुकी हैं।

विभा कुमारी ने कहा कि “मेरे पति डॉ. प्रमोद सिंह लंबे समय तक जनता की सेवा करते रहे। आज वो नहीं हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा को आगे बढ़ाने और अधूरे कामों को पूरा करने के लिए मैं राजनीति में आई हूं। अगर पार्टी आलाकमान मुझे मौका देती है तो जनता की उम्मीदों पर खरा उतरूंगी।”

इधर, डॉ. प्रमोद सिंह के पुत्र विकास कुमार का कहना है कि उनके पिता हमेशा चाहते थे कि इस बार उनकी पत्नी ही चुनाव लड़ें। विकास ने कहा कि सीट को लेकर आरजेडी आलाकमान से फैसला आना बाकी है, लेकिन अगर आदेश मिलता है तो उनकी माता जी भभुआ से आरजेडी प्रत्याशी होंगी।
भभुआ की राजनीति में डॉ. प्रमोद सिंह की पत्नी विभा कुमारी की एंट्री ने नए समीकरणों को जन्म दे दिया है। अब देखना होगा कि आरजेडी आलाकमान किसे टिकट देता है और जनता का रुख किस ओर जाता है।