न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी ने सोशल मीडिया पर एक तीखी और तंज़ भरी पोस्ट साझा की है,
जिसमें उन्होंने विरोधियों को “दिलजले” कहकर संबोधित किया है।

“पहले राउंड में हवा टाइट, अब ख्याली पुलाव पका रहे हो”
मुकेश सहनी ने फेसबुक और एक्स (ट्विटर) पर लिखे पोस्ट में कहा…
“अरे ओ दिलजलों!
पहले राउंड के मतदान में जब हवा टाइट हो गई, तो अब ख्याली पुलाव पकाने बैठे हो!
याद रखो, मुकेश सहनी वचन का पक्का है।
जब तक तेजस्वी यादव जी को मुख्यमंत्री नहीं बना देगा और भाजपा को पटकनी नहीं देगा,
तब तक चैन से बैठने वाला नहीं है।”
उनकी यह टिप्पणी साफ तौर पर उन विरोधियों पर निशाना है जो पहले चरण के मतदान के बाद
वीआईपी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठा रहे थे।
“तेजस्वी को सीएम बनाना है, BJP को नहीं देगा मौका”
सहनी ने अपने पोस्ट में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के समर्थन की भी खुली घोषणा की।
उन्होंने कहा कि वे तब तक शांत नहीं बैठेंगे जब तक तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री नहीं बन जाते।
“14 तारीख को जीत के बाद ‘माछ-भात’ का भोज VIP प्लेट में”
अपनी पोस्ट के अंत में सहनी ने अपने अंदाज़ में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को उत्साहित करते हुए लिखा…
“14 तारीख के बाद जीत के जश्न में ‘माछ-भात’ के भोज में जरूर आना,
इस बार प्लेट भी VIP होगी।”
यह बयान न सिर्फ़ राजनीतिक आत्मविश्वास दर्शाता है बल्कि निषाद समाज (मछुआरा वर्ग) को साधने की
साफ कोशिश भी है, जो वीआईपी पार्टी का पारंपरिक वोट बैंक रहा है।
































