कोहरे में बढ़ते हादसों पर अलर्ट, परिवहन विभाग ने जारी की सुरक्षित ड्राइविंग एडवाइजरी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सर्दी के साथ बढ़ते कोहरे को देखते हुए बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने कहा है कि कोहरे में दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, इसलिए चालक सतर्कता और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर अपनी तथा दूसरों की जान बचाएँ।परिवहन विभाग द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से चलना चाहिए, क्योंकि तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनती है। साथ ही सड़क पर चल रही आगे की गाड़ियों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।लो-बीम हेडलाइट और फॉग लैंप का उपयोग अनिवार्य बताया गया है, हाई-बीम कोहरे में रोशनी को वापस परावर्तित कर दृश्यता को और कम कर देता है।ड्राइवरों को मोबाइल फोन का उपयोग बंद करने और ध्यान केंद्रित रखकर ड्राइविंग करने की सलाह भी दी गई है।विभाग ने कहा है कि यदि कोहरा अत्यधिक घना हो जाए तो वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोककर हेजर्ड लाइट ऑन कर देनी चाहिए, ताकि पीछे से आने वाले वाहन चालक सावधान हो सकें।परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा है।