न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
विधानसभा आम चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु केंद्रीय अर्धसैनिक बल की प्रतिनियुक्ति अनुमंडल में की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी सदर सह निर्वाची पदाधिकारी 43 सुपौल विधानसभा क्षेत्र इंद्रवीर कुमार के नेतृत्व में केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों के द्वारा सुपौल के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के दौरान वाहन की चेकिंग भी की गई तथा चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का भी निर्देश दिया गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आगामी आने वाले चुनाव में लोगों के बीच विश्वास बहाल करना तथा चुनाव के प्रति निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराने का संदेश दिया जाना है। भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी अपने स्तर से केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही सभी थानों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वह केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के सहयोग से आवश्यकता अनुसार छापेमारी सुनिश्चित करें एवं प्रतिबंधित सामग्री ज़ब्त करें। इसके साथ ही सभी थाना अध्यक्ष को यह भी निर्देश दिया गया कि अपने-अपने थाना क्षेत्र में केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की सहायता से सघन वाहन चेकिंग करना सुनिश्चित करें एवं कोई भी प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो तुरंत नियम अनुसार कार्रवाई करें। फ्लैग मार्च के दौरान असिस्टेंट कमांडेंट, पुलिस लाइन के पुलिस उपाधीक्षक, अंचलाधिकारी सुपौल, सुपौल अंचल के पुलिस निरीक्षक तथा थाना अध्यक्ष सुपौल भी मौजूद थे।


























