बेटी के जन्म पर सजी कार से अस्पताल पहुंचे पिता, खुशी का इजहार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के धरहरा पंचायत के बरैबा टोला निवासी निरंजन कुमार के परिवार में उस समय खुशियों का माहौल बन गया, जब उनकी पत्नी मनीषा कुमारी ने रेफरल अस्पताल राघोपुर में एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। यह मनीषा कुमारी की दूसरी डिलीवरी थी । अस्पताल के डॉक्टर दिपक गुप्ता और नर्सिंग स्टाफ गुंजन भारती, शिवानी मरांडी, मंजू कुमारी,के सहयोग से सफलतापूर्वक प्रसव कराया गया। नवजात बच्ची का नाम परिवार द्वारा ‘हर्षिदा भारती’ रखा गया है।
बेटी के जन्म की खुशी में पति निरंजन कुमार ने खुशी जताने का एक अनोखा और सराहनीय तरीका अपनाया। उन्होंने अपनी कार को रंग-बिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजा कर उसी सजी हुई कार से अस्पताल पहुंचे। जैसे ही सजी-धजी कार अस्पताल परिसर में पहुंची, वहां मौजूद लोग इसे देखकर चकित रह गए। देखते ही देखते यह अनोखा दृश्य अस्पताल परिसर में चर्चा का विषय बन गया।
स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों ने निरंजन कुमार की इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि आज भी समाज में बेटे की चाह अधिक देखी जाती है, लेकिन इस तरह बेटी के जन्म पर खुले तौर पर खुशी मनाना एक समाज मै सही संदेश देता है। यह न केवल बेटियों के प्रति बदलती सोच को दर्शाता है, बल्कि समाज में समानता और सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है।
निरंजन कुमार ने बताया कि उनके लिए बेटी और बेटा दोनों समान हैं। उन्होंने कहा कि बेटी लक्ष्मी का रूप होती है और उनके घर बेटी के आने से परिवार धन्य हो गया है। इसी खुशी को उन्होंने इस खास अंदाज में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि लोग बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि गर्व समझें।
रेफरल अस्पताल राघोपुर के डॉक्टरों व अस्पताल प्रशासन ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कुल मिलाकर, बरैबा टोला में जन्मी नन्ही लक्ष्मी धन और उनके पिता का यह अनोखा जश्न क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा का कारण बना हुआ है।