न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
उर्दू भाषा, साहित्य और शायरी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उर्दू निदेशालय (मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग) बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय फारोगे-ए-उर्दू सेमिनार, कार्यशाला एवं मुशायरा का आयोजन 7 फरवरी 2026 (शनिवार) को भागलपुर के टाउन हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वाह्न 10 बजे से होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी भागलपुर डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा किया जाएगा। वहीं, अपर सचिव सह निदेशक, उर्दू निदेशालय (मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग), बिहार सरकार एस.एम. मोहम्मद परवेज आलम मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के प्रसिद्ध उर्दू साहित्यकार, शायर एवं बुद्धिजीवी हिस्सा लेंगे। सेमिनार एवं कार्यशाला के माध्यम से उर्दू भाषा के विकास, उसके शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विचार-विमर्श किया जाएगा, जबकि मुशायरे में शायर अपनी बेहतरीन शायरी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
जिला उर्दू भाषा कोषांग, भागलपुर द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।































